एस कुमार
महेशपुर। प्रखंड अंतर्गत ग्राम बलियाडांगा में युथ क्रिकेट क्लब, बलियाडांगा द्वारा आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-3 का फाइनल मुकाबला उत्साह और रोमांच के साथ संपन्न हुआ। फाइनल में महेशपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बलियाडांगा को 31 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह में उपासना मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ अनुपम सर और थाना प्रभारी रवि शर्मा भी मौजूद रहे। मैदान पहुंचने पर आयोजकों और स्थानीय युवाओं ने अतिथियों का पारंपरिक स्वागत कर पुष्पगुच्छ भेंट किया।
फाइनल मुकाबले में महेशपुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 171 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी बलियाडांगा की टीम ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन सधी हुई गेंदबाजी और चुस्त फील्डिंग के आगे 141 रन ही बना सकी। इस तरह महेशपुर ने 31 रनों की निर्णायक जीत दर्ज की। विजेता टीम महेशपुर को 30,000 रुपये नकद और चमचमाती ट्रॉफी, जबकि उपविजेता बलियाडांगा को 20,000 रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई। पुरस्कार वितरण उपासना मरांडी ने किया। इस मौके पर उपासना मरांडी ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास करता है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी और कहा कि ऐसे टूर्नामेंट ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच देते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से राज्य और देश का नाम रोशन करने की अपील की। कार्यक्रम में प्रखंड सह सचिव अखलाकुर रहमान, सलाउद्दीन अंसारी, राजू अंसारी, मुखिया रवि हांसदा, बबलू अंसारी, पंचायत समिति सदस्य अफसाना बीबी सहित कई झामुमो कार्यकर्ता और खेलप्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।









