Search

February 26, 2026 10:44 pm

मतपेटियों से निकलेगा जनादेश, पाकुड़ में चुनी जाएगी नगर सरकार

किसके सिर सजेगा ताज, किसकी टूटेगी आस

सुबह 8 बजे से मतगणना, दोपहर तक साफ होगी जीत-हार की तस्वीर।

राजकुमार भगत

पाकुड़। नगर निकाय चुनाव में आज 21 वार्ड पार्षदों और नगर अध्यक्ष के भाग्य का फैसला हो जाएगा। 23 फरवरी को हुए मतदान में कुल 37,033 मतदाताओं में से लगभग 67% लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। अब यह तय होगा कि जनता ने किसे चुना और किसे नकारा। मतगणना के साथ ही दोपहर तक परिणाम स्पष्ट हो जाएंगे। नगर परिषद की 21 वार्ड सीटों के लिए 89 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि अध्यक्ष पद के लिए 10 उम्मीदवारों ने किस्मत आजमाई है। परिणाम आने के साथ ही जहां विजेता खेमे में जश्न का माहौल रहेगा, वहीं हारने वाले उम्मीदवारों के चेहरे मायूस नजर आएंगे। जीत के साथ ढोल-नगाड़े, गुलाल और फूल-मालाओं से स्वागत की तैयारियां पहले से ही शुरू हो चुकी हैं।

अध्यक्ष पद पर एक को मिलेगा ताज

अध्यक्ष पद अनारक्षित महिला श्रेणी का है। इस पद के लिए मीता पांडे, पूनम कुमारी, सीमा सोनी भगत, सम्पा साहा, शेख़ सेलिना सुलताना, मोनिता कुमारी, शबरी पाल, रीता देवी, ज्योति दुबे और मुकुल भट्टाचार्य समेत कुल 10 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें से केवल एक उम्मीदवार के सिर आज अध्यक्ष का ताज सजेगा।

हार-जीत के बाद शुरू होगी समीक्षा

चुनावी नतीजों के बाद हारने वाले प्रत्याशी अपनी-अपनी समीक्षा बैठकें करेंगे। चुनाव में कहां चूक हुई, किसने साथ दिया और किसने दूरी बनाई—इन तमाम बिंदुओं पर मंथन होगा। वहीं जीतने वाले प्रत्याशी इसे जनता के विश्वास की जीत बताएंगे।

कुछ वोट हो सकते हैं रद्द

जानकारी के अनुसार, बैलेट पेपर पर मतदान होने के कारण कुछ मतदाताओं ने सही स्थान पर मुहर नहीं लगाई। ऐसे मतों को गिनती के दौरान अमान्य घोषित किया जा सकता है, जिससे कुल मतों में कुछ कटौती संभव है।

Also Read: E-paper 22-01-2026

सुबह 8 बजे से मतगणना

पाकुड़ के स्थानीय बाजार समिति परिसर में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रत्याशी, उनके अभिकर्ता और अधिकृत कर्मियों को प्रवेश के लिए पहचान पत्र अनिवार्य होगा। आज का दिन पाकुड़ की राजनीति के लिए बेहद अहम है—कुछ के लिए जश्न, तो कुछ के लिए आत्ममंथन का।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर