आदिवासी यूनाइटेड क्लब तलवा के तत्वावधान में पाकुड़िया प्रखंड अंतर्गत तलवा फुटबॉल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय फाइनल फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में मार्गोमुंडा टीम (महेशपुर) ने बीर सेंगेल गायपाथर टीम (पाकुड़िया) को रोमांचक मुकाबले में पेनाल्टी गोल से हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि जुली ख्रीष्टमनी हेम्ब्रम (जिला परिषद अध्यक्ष) ने किया। इस अवसर पर झामुमो जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे, प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा, प्रखंड उपाध्यक्ष अशोक भगत, मुखिया बिमला बास्की, शुशील मुर्मू, क्लब अध्यक्ष कुबराज मरांडी और सचिव शिवलाल टुडू सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल में किक मारकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया। क्लब पदाधिकारियों ने अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने संबोधन में जिला परिषद अध्यक्ष जुली ख्रीष्टमनी हेम्ब्रम ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम है। वहीं मुखिया बिमला बास्की ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल शारीरिक विकास के साथ-साथ भाईचारे और टीम भावना को भी मजबूत करता है। क्लब सचिव शिवलाल टुडू ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने भाग लिया। फाइनल में विजेता मार्गोमुंडा टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹1,50,000, उपविजेता बीर सेंगेल गायपाथर टीम को ₹1,00,000, जबकि सेमीफाइनल में पहुँची टीमों को तृतीय व चतुर्थ पुरस्कार के रूप में ₹25,000-₹25,000 नकद तथा शील्ड व कप प्रदान किए गए। समापन अवसर पर क्लब कोषाध्यक्ष सुदेश हेम्ब्रम, पंचायत समिति सदस्य शिवधन हेम्ब्रम, महेंद्र टुडू सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, ग्रामीण और दर्शक मौजूद रहे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में खेल के प्रति खासा उत्साह देखा गया।








