मेदिनीनगर (पलामू): मेदिनीनगर नगर निगम के चुनावी दंगल में सोमवार को प्रथम महापौर अरुणा शंकर ने भारी जनसमर्थन और शक्ति प्रदर्शन के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। ‘नामांकन आशीर्वाद यात्रा’ के दौरान शहर की सड़कों पर समर्थकों का ऐसा हुजूम उमड़ा जिसे देखकर विरोधियों के खेमे में हलचल तेज हो गई है।
केसरी रंग में रंगा शहर, गूंजे जय श्री राम के नारे शहर का कोना-कोना ‘जय श्री राम’ और ‘विकास के नारों’ से गूंज उठा। टाउन हॉल से लेकर कचहरी चौक तक पूरी सड़क भगवा रंग में रंगी नजर आई। यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए सैकड़ों ब्राह्मणों द्वारा शंखनाद किया गया। साथ ही बंगाली ढाक, पंजाबी ढोल और घंटी की गूंज ने पूरे माहौल को भक्तिमय और उत्साही बना दिया।
मंदिरों में मत्था टेक लिया आशीर्वाद
अरुणा शंकर ने अपनी यात्रा की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति भवन (टाउन हॉल) से की। यहाँ से वह जनसमूह के साथ चलते हुए शिवाला घाट मंदिर पहुंचीं, जहाँ उन्होंने नगर की खुशहाली की कामना की। इसके बाद यात्रा जय भवानी संघ चौक स्थित बेनी मंदिर पहुंची, जहाँ पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने पंच मुहान पर स्थित स्व. पूरन चंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
भावुक कर देने वाला दृश्य
जब ‘आशीर्वाद यात्रा’ छह मुहान पहुंची, तो वहां का दृश्य भावुक करने वाला था। अरुणा शंकर ने देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और काली मंदिर में विधि-विधान से पूजा की। पूरी यात्रा के दौरान स्थानीय निवासियों ने छतों से पुष्प वर्षा कर अपनी ‘प्रथम महापौर’ का भव्य स्वागत किया।




