Search

February 22, 2026 1:08 am

होली–रमजान पर शांति का संदेश, हुड़दंग व अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती तय।

उल्लास, सौहार्द और भाईचारे के प्रतीक पर्व होली व रमजान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को पाकुड़ जिले के विभिन्न थाना परिसरों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं। प्रशासन और पुलिस ने दो टूक शब्दों में कहा कि कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा और शांति भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पाकुड़िया थाना परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने की। उन्होंने ग्रामीणों व गणमान्य नागरिकों को होली-रमजान की शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि रंगोत्सव के दौरान किसी भी तरह का हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट, भ्रामक अफवाहें फैलाने और भावनाएं आहत करने वाली गतिविधियों पर सख्त नजर रहेगी। थाना प्रभारी ने हाल के दिनों में “बच्चा चोर” की अफवाहों के चलते हो रही घटनाओं पर चिंता जताते हुए लोगों से अपील की कि बिना जांच-पड़ताल किसी अनजान व्यक्ति के साथ मारपीट न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें—जांच में दोषी पाए जाने पर ही कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने आपात स्थिति में 112 और साइबर ठगी की सूचना 1930 पर देने का आग्रह किया। इसी क्रम में नगर थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में अंचलाधिकारी अरविंद कुमार बेदिया ने कहा कि पर्व के दौरान हुड़दंगियों और शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और कड़ी की जाएगी। भ्रामक अफवाहें या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई तय है। साथ ही बिजली, पानी और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं निर्बाध रखने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
बैठकों में दोनों समुदायों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रशासन ने एक स्वर में अपील की कि पर्वों की खुशियां शांति, सौहार्द और कानून के दायरे में रहकर मनाई जाएं—ताकि होली रंगों की तरह रिश्तों में मिठास घोले और रमजान आत्मसंयम व भाईचारे का संदेश दे।

img 20260221 wa00601039966389367278984
img 20260221 wa00627178170762007464381
img 20260221 wa00618844393724294530021

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर