मतदान से पहले से लेकर समापन तक हर गतिविधि पर पैनी नजर रखें, डीसी मनीष कुमार
पाकुड़। नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में माइक्रो ऑब्जर्वर की ब्रीफिंग आयोजित की गई। ब्रीफिंग में सामान्य प्रेक्षक रंजित लोहरा और जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। सामान्य प्रेक्षक रंजित लोहरा ने कहा कि माइक्रो ऑब्जर्वर की भूमिका चुनाव की विश्वसनीयता तय करती है। उन्होंने संवेदनशीलता, निष्पक्षता और गंभीरता के साथ जिम्मेदारी निभाने पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी शंका या असामान्य स्थिति में तत्काल संबंधित वरीय अधिकारियों से मार्गदर्शन लें।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र की संपूर्ण निगरानी माइक्रो ऑब्जर्वर की जिम्मेदारी है। मतदान प्रक्रिया के हर चरण पर नियमित फीडबैक रिपोर्ट देना अनिवार्य होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि मतदान कर्मी समय पर केंद्रों पर पहुंचें, मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित की जाए, स्याही का सही उपयोग हो, मतदान सामग्री की सुरक्षा रहे और मतदान केंद्रों पर मोबाइल उपयोग पर सख्ती से प्रतिबंध लागू कराया जाए।
डीसी ने यह भी स्पष्ट किया कि मतदान समाप्ति के बाद सभी प्रक्रियाएं विधिवत पूरी कर ही मतदान दल सुरक्षित वापसी करे। इससे चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सकेगी। ब्रीफिंग में परियोजना निदेशक आईटीडीए, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सहित सभी निर्वाची पदाधिकारी उपस्थित रहे।





