थाना प्रभारी अंशु कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में मोबाइल लोकेशन के जरिए मिली सफलता
पाकुड़: मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र अंतर्गत बारहाबाद निवासी निरूलाल तुरी की 19 वर्षीय पुत्री प्रतिमा कुमारी के लापता होने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती को पश्चिम बंगाल के तारापीठ से सकुशल बरामद कर लिया। इस कार्रवाई के पीछे ओपी प्रभारी अंशु कुमार उपाध्याय की कुशल नेतृत्व और टीम के तत्पर प्रयास का महत्वपूर्ण योगदान रहा।जानकारी के अनुसार, दिनांक 27 अप्रैल को निरूलाल तुरी द्वारा मालपहाड़ी ओपी में अपनी पुत्री के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलते ही ओपी प्रभारी अंशु कुमार उपाध्याय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम गठित कर खोजबीन शुरू कर दी। मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग के माध्यम से युवती की स्थिति का पता लगाया गया, जो पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल तारापीठ क्षेत्र में पाई गई।पुलिस टीम ने त्वरित रूप से तारापीठ पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए युवती को सकुशल बरामद किया। बाद में, सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के उपरांत प्रतिमा कुमारी को उसके माता-पिता के जिम्मे सुपुर्दगीनामा के तहत सौंप दिया गया।ओपी प्रभारी अंशु कुमार उपाध्याय ने बताया कि युवती पूरी तरह सुरक्षित है और इस प्रकरण में आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं आगे भी जारी रहेंगी। पुलिस द्वारा दिखाई गई तत्परता और कार्यकुशलता की स्थानीय ग्रामीणों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की है।





