अमड़ापाड़ा, पाकुड़ | लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक हेमलाल मुर्मू ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमड़ापाड़ा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी स्वास्थ्य कर्मी अपने-अपने कार्यस्थल पर उपस्थित पाए गए। विधायक मुर्मू ने प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं जैसे आईआरएस छिड़काव कार्य, प्रतिरक्षण अभियान, गर्भवती माताओं की स्वास्थ्य जांच, मलेरिया एवं कालाजार नियंत्रण कार्यक्रम की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता और प्रतिबद्धता की प्रशंसा की। विधायक ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को और अधिक उत्साह और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने बताया कि कोल माइंस, आलूबेड़ा की ओर से शीघ्र ही स्वास्थ्य केंद्र के लिए एक एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे क्षेत्र के मरीजों को आपातकालीन सेवाओं में और सुविधा मिलेगी। मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शिवम कुमार, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. नसीम अहमद, धनपति गिरी, योगेंद्र प्रसाद सिंह, अनिल मरांडी, प्रकाश हेंब्रम, सुजीत कुमार दास, बाबूलाल राय सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।
