Search

March 11, 2026 11:21 pm

विधायक मंजु कुमारी ने सदन में उठाई जमुआ, मिर्जागंज और खरगडीहा को नगर पंचायत बनाने की मांग

सुधीर सिन्हा

Also Read: E-paper 22-01-2026

गिरिडीह। जमुआ विधानसभा क्षेत्र की विधायक मंजु कुमारी ने क्षेत्र में शहरी सुविधाओं के विस्तार एवं समग्र विकास को लेकर विधानसभा में मिर्जागंज, खरगडीहा और जमुआ को एकीकृत कर नगर पंचायत बनाने की मांग मजबूती के साथ उठाई। विधानसभा में पूछे गए तारांकित प्रश्न के माध्यम से विधायक मंजु कुमारी ने सरकार का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया कि मिर्जागंज, खरगडीहा और जमुआ क्षेत्र सामाजिक एवं आर्थिक रूप से एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं तथा यहां की आबादी और व्यावसायिक गतिविधियों में लगातार वृद्धि हो रही है। सरकार ने अपने जवाब में भी यह स्वीकार किया कि इन क्षेत्रों को एकीकृत कर नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने से यहां की बड़ी आबादी को बेहतर शहरी सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। विधायक मंजु कुमारी ने कहा कि वर्तमान समय में इन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की कमी, नालियों में जमा कचरा, सड़कों की बदहाल स्थिति तथा बुनियादी शहरी सुविधाओं के अभाव के कारण आम जनता को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पंचायत का गठन होने से क्षेत्र में पेयजल, स्ट्रीट लाइट, बेहतर सड़क, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सहित अन्य शहरी सुविधाओं का विकास सुनिश्चित होगा, जिससे पूरे इलाके के विकास को नई दिशा मिलेगी। सरकार की ओर से यह जानकारी दी गई कि वर्तमान में जनगणना प्रक्रिया के कारण प्रशासनिक सीमाओं में परिवर्तन पर अस्थायी रोक लगी हुई है। इस पर विधायक मंजु कुमारी ने कहा कि जमुआ की जनता के हित में इस मांग को पूरा कराने के लिए उनका प्रयास और संघर्ष लगातार जारी रहेगा। विधायक मंजु कुमारी ने जमुआ विधानसभा क्षेत्र की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास, स्वच्छता व्यवस्था और बेहतर आधारभूत सुविधाओं से जुड़े हर मुद्दे को वह सदन से लेकर सरकार तक पूरी मजबूती के साथ उठाती रहेंगी। उन्होंने कहा कि जमुआ का समग्र विकास ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव प्रयास जारी रहेगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर