पाकुड़ नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 की मतगणना को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इसी क्रम में बाजार समिति परिसर स्थित मतगणना केंद्र पर अग्निशामक विभाग द्वारा आपदा प्रबंधन एवं अग्नि सुरक्षा से संबंधित मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान संभावित आगजनी एवं आपात स्थिति से निपटने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया तथा आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई के तरीकों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने मॉक ड्रिल का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि मतगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि मतगणना केंद्र पर अग्नि सुरक्षा से जुड़े सभी उपकरण पूर्णतः कार्यशील अवस्था में रहें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशिक्षित दल सतत तैयार रहें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के बहुस्तरीय प्रबंध किए गए हैं तथा किसी भी आपदा या अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।






