स्नातकोत्तर पढ़ाई शुरू करने की मांग को लेकर आदिवासी छात्रसंघ ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन।
राजकुमार भगत
पाकुड़। के० के० एम० कॉलेज, पाकुड़ के आदिवासी कल्याण बालक छात्रावास के छात्रों ने कॉलेज में विभिन्न सुविधाओं और शैक्षणिक विस्तार की मांग को लेकर सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बिमल प्रसाद सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान छात्रों ने स्नातकोत्तर (PG) की पढ़ाई शीघ्र शुरू करने की मांग को लेकर घंटों चर्चा की।छात्रों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कुल नौ प्रमुख मांगें रखी गईं, जिनमें कॉलेज में वाणिज्य संकाय और भूगोल विषय की पढ़ाई शुरू करना, छात्रावास में मिनी पुस्तकालय का निर्माण, प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी पुस्तकें और अखबारों की उपलब्धता, JPSC और B.Ed. छात्रावास का निर्माण, रसोई घर, साइकिल स्टैंड और 300 बेड के आदिवासी बालिका छात्रावास की स्थापना शामिल है। इसके अतिरिक्त संथाली एकेडेमिक की स्थापना की भी मांग की गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान वरिष्ठ छात्र नेता चुंडा मरांडी, उप छात्र नेता माइनल किस्कू, छात्रनायिका शिवानी मुर्मू, पिंकी मरांडी, सुशीला हांसदा, छात्रनेता कमल मुर्मू, कैलाश मरांडी, एडवर्ड सोरेन, सुलेधन हांसदा, प्रवीन मरांडी, प्रकाश टुडू और भीमसेंट मरांडी समेत कई छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन समय रहते इन मांगों पर पहल नहीं करता है, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे।





