पाकुड़िया (पाकुड़) थाना क्षेत्र के फूलोपनी गांव में 26 जनवरी को सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई मारपीट की घटना में एक स्थानीय वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान फूलोपनी गांव निवासी रूपलाल मुर्मू के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मृतक की पुत्रवधु नानामाय हेंब्रम की शिकायत पर गांव के दामाद और बड़ा चापुड़िया (थाना शिकारीपाड़ा) निवासी 24 वर्षीय सूतीनाथ टुडू के खिलाफ मारपीट कर हत्या करने का मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी के अनुसार, 26 जनवरी की अपराह्न बेला में गांव में सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान नाच-गाना चल रहा था। इसी दौरान रूपलाल मुर्मू ने गांव में नाच-गाना करने से मना किया। इस बात को लेकर विवाद हो गया और भीड़ के बीच से आकर आरोपी सूतीनाथ टुडू ने गुस्से में रूपलाल मुर्मू को धक्का दे दिया। जमीन पर गिरने के बाद उनके साथ मारपीट की गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। परिजनों द्वारा उन्हें उसी रात मोंगलबांध स्थित एक निजी चिकित्सक के पास इलाज के लिए ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पाकुड़िया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ भेजा। इस मामले में कांड संख्या 05/26, दिनांक 28 जनवरी 2026 के तहत आरोपी सूतीनाथ टुडू को गिरफ्तार कर बुधवार को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे पाकुड़ जेल भेज दिया गया।





