पाकुड़िया (पाकुड़): माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर रविवार को पाकुड़िया प्रखंड में धार्मिक आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। डोमनगड़िया गांव स्थित जय बंगला बूढ़ा बाबा की मजार पर हजारों श्रद्धालुओं ने चादरपोशी कर अपने परिजनों की सलामती और मनोकामना पूरी होने की दुआ मांगी। हर साल माघी पूर्णिमा पर यहां फातेहा के बाद ग्रामीण मेला का आयोजन भी होता है। झारखंड–पश्चिम बंगाल की सीमा पर स्थित होने के कारण दोनों राज्यों से बड़ी संख्या में लोग चादरपोशी के लिए पहुंचे। श्रद्धालु बूढ़ा बाबा की मजार पर माथा टेककर मन्नत मांगते हैं और पूरी होने पर हाजिरी देते हैं। मजार कमेटी के सदस्य मु. इस्लाम अंसारी, नजरुल इस्लाम, नियाजुद्दीन, ज़वारुद्दीन अंसारी, सैफुल, जुलकर, नजरुल्ला और असरफ ने बताया कि बाबा के प्रति लोगों की आस्था लगातार बढ़ रही है। शाम को मजार परिसर में बंगला कव्वाली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। उधर, माघी पूर्णिमा के अवसर पर गायत्री परिवार पाकुड़िया की ओर से चौकिशाल शिव मंदिर परिसर में हवन-यज्ञ और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन पुरोहित रविशंकर तिवारी के नेतृत्व में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में बद्रीनाथ भगत, ओमप्रकाश भगत, पीतांबर भगत, अर्चना देवी, पुष्पा देवी, शोभा देवी समेत गायत्री परिवार के दर्जनों सदस्यों ने भाग लिया। गायत्री परिवार की अर्चना देवी ने बताया कि यज्ञ का उद्देश्य गांव और समाज में सुख-शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करना है।








