अमड़ापाड़ा। प्रखंड क्षेत्र में महाशिवरात्रि का पर्व पूरे श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। शनिवार को बाबा घाघेश्वरनाथ मंदिर एवं थाना परिसर स्थित शिव-पार्वती मंदिर में पारंपरिक विधि-विधान के साथ दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। पूरा इलाका ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। सार्वजनिक महाशिवरात्रि पूजा समिति के तत्वावधान में शनिवार संध्या बाबा घाघेश्वरनाथ मंदिर प्रांगण एवं थाना परिसर स्थित शिव-पार्वती मंदिर में मांदर पूजन एवं मटकोर की रस्म संपन्न कराई गई। इसके पश्चात लावा-काशा पिसाई का विधान किया गया। संध्या समय मंडप पूजन, शिव-पार्वती पूजन एवं हल्दी रस्म का आयोजन हुआ।
बाबा घाघेश्वरनाथ मंदिर परिसर में पश्चिम बंगाल के कोलकाता और आसनसोल से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत संगीतमय हल्दी मंडप एवं विवाह गीतों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पीले वस्त्रों में सजे श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा परिसर उत्सवमय दिखाई दिया। समिति के सदस्यों ने बताया कि रविवार को महाशिवरात्रि के मुख्य पर्व पर प्रातःकाल से ही बाबा का जलाभिषेक आरंभ होगा। सायंकाल ध्वजारोहण के उपरांत आकर्षक झांकियों के साथ ‘बाबा की भव्य बारात’ नगर भ्रमण पर निकलेगी। नगर भ्रमण के बाद द्वार पूजन एवं शिव-पार्वती विवाह उत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान संजीव भगत उर्फ बबलू भगत, दशरथ भगत, दीपंकर मंडल, सुनील मंडल, संजय रजक, राहुल भगत एवं गौतम भगत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।








