पाकुड़। माननीय झारखंड उच्च न्यायालय, रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की टीम ने पाकुड़ कारागार परिसर स्थित अस्पताल वार्ड का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डालसा दिवाकर पांडे के निर्देश पर किया गया।
डालसा सचिव रूपा बंदना किरो एवं सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा के संयुक्त नेतृत्व में पहुंची टीम ने जेल अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान टीम ने अस्पताल वार्ड में भर्ती बंदियों से सीधे बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, इलाज की स्थिति और लंबित मामलों की जानकारी ली। टीम ने औषधालय का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता की जांच की। साथ ही एम्बुलेंस, व्हील चेयर, ऑक्सीजन सिलेंडर, स्ट्रेचर और बेड जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का भी गहन मूल्यांकन किया गया। महिला वार्ड का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को परखा गया। निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासनिक अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। डालसा की टीम ने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए।






