जिला संवाददाता अंकित कुमार लाल
पलामू: आज पूरे देश में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जा रहा है और इस खास मौके पर पलामू जिला महिला सशक्तिकरण की एक प्रेरणादायक तस्वीर पेश करता नजर आ रहा है। यहां प्रशासनिक व्यवस्था से लेकर जनप्रतिनिधित्व तक कई अहम पदों की जिम्मेदारी महिलाओं के हाथों में है, जो न केवल अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं बल्कि समाज में एक नई सोच और विश्वास भी स्थापित कर रही हैं।
पलामू जिले के शीर्ष प्रशासनिक पदों पर महिलाओं की मजबूत उपस्थिति देखने को मिल रही है। प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में कुमुद सहाय, उपायुक्त (डीसी) के पद पर समीरा एस, पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में रीष्मा रमेशन जिले की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती से संभाल रही हैं। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के पद पर सुलोचना मीणा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) के रूप में प्रीति किस्कु और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी (डीएसडब्ल्यूओ) के रूप में नीता चौहान अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था को सशक्त बना रही हैं।
सिर्फ प्रशासन ही नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधित्व के क्षेत्र में भी महिलाएं अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। जिला परिषद अध्यक्ष के रूप में प्रतिमा कुमारी ग्रामीण विकास की दिशा में कार्य कर रही हैं, वहीं मेदिनीनगर नगर निगम की मेयर अरुणा शंकर शहर के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
पलामू में महिलाओं की यह मजबूत भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि आज महिलाएं केवल घर की जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रशासन, नेतृत्व और समाज निर्माण के हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का परचम लहरा रही हैं। महिला दिवस के अवसर पर यह तस्वीर नारी शक्ति के बढ़ते कदम और बदलते समाज की सकारात्मक दिशा को दर्शाती है।
पलामू की यह झलक न केवल जिले बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा है कि अवसर मिलने पर महिलाएं किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट नेतृत्व दे सकती हैं।




