बजरंग पंडित
पाकुड़ में रामनवमी को लेकर पूरे जिले में तैयारियां चरम पर पहुंच गई हैं। शहर के हनुमान मंदिरों से लेकर बाजार और मुख्य सड़कों तक केसरिया झंडों की छटा बिखर गई है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो उठा है। 27 मार्च को शहर के विभिन्न हिस्सों से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान महावीरी झंडों के साथ गाजे-बाजे की धुन पर युवाओं द्वारा पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन किया जाएगा, जो आकर्षण का केंद्र रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह सेवा शिविर भी लगाए जा रहे हैं। रामनवमी के अवसर पर झांकियों की तैयारी भी जोर-शोर से चल रही है। विभिन्न अखाड़ा समितियों द्वारा निकाले जाने वाले जुलूस में पारंपरिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ आकर्षक झांकियां लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेंगी। इस बार जुलूस में महिलाओं की भागीदारी भी खास रहेगी, जो भवानी स्वरूप में पूरे उत्साह के साथ शामिल होंगी। प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी समितियों ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। इधर, शहर के बजरंगबली मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है और कई स्थानों पर भजन-कीर्तन व धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है। पूरे जिले में रामनवमी को लेकर आस्था, उत्साह और उमंग का माहौल साफ तौर पर देखने को मिल रहा है।








