Search

April 12, 2026 7:33 pm

सड़क हादसों में पाकुड़ तीसरे नंबर पर, डीसी-एसपी ने दी टीम को बधाई।

24 घंटे में iRAD-eDAR पर अपलोड अनिवार्य, ओवरलोडिंग पर सख्ती और ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने के निर्देश

पाकुड़ | जिले में सड़क दुर्घटनाओं में मौत के मामलों में कमी लाने के मामले में पाकुड़ ने पूरे झारखंड में तीसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सभी पदाधिकारियों और विभागीय टीम को बधाई दी। साथ ही आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ काम करने का निर्देश दिया। बैठक में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत चल रहे कार्यक्रमों और सड़क हादसों की रोकथाम को लेकर समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता ही हादसों में कमी लाने का सबसे कारगर तरीका है।

हादसे के 24 घंटे में पोर्टल पर अपलोड अनिवार्य।

डीसी और एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि सड़क दुर्घटना के हर मामले में एफआईआर के 24 घंटे के भीतर iRAD पोर्टल पर जानकारी अपलोड की जाए। साथ ही eDAR पोर्टल पर फॉर्म-1 से 10 तक सभी प्रविष्टियां समय पर भरकर सबमिट करना अनिवार्य होगा। इससे पीड़ितों और मृतकों के परिजनों को बीमा मुआवजा समय पर मिल सकेगा। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

चितलो फाम क्षेत्र बनेगा ब्लैक स्पॉट, ओवरलोडिंग पर कसेगा शिकंजा।

लिट्टीपाड़ा के चितलो फाम क्षेत्र में अधिक हादसों को देखते हुए उसे ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने ओवरलोडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई और आम लोगों को इसके नुकसान को लेकर जागरूक करने पर जोर दिया।

जनता से अपील, हेलमेट-सीट बेल्ट जरूर लगाएं।

उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की कि हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों को गंभीरता से लें। नियमों का पालन ही दुर्घटनाओं में कमी और जीवन रक्षा का सबसे असरदार तरीका है। बैठक में अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, डीएसपी जितेन्द्र कुमार, महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार, डीएसपी अजय आर्यन, जिला खनन पदाधिकारी राजेश कुमार समेत सभी अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!