संजय कुमार गुप्ता
पांकी / पलामू।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा आदित्य साहू को झारखण्ड प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर पलामू जिला अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं समाज के गणमान्य लोगों में हर्ष और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर वैश्य समाज के लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयाँ खिलाकर खुशी का इजहार किया और आदित्य साहू को बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
वैश्य समाज के नेताओं एवं पदाधिकारियों ने कहा कि आदित्य साहू का संगठनात्मक अनुभव, कुशल नेतृत्व क्षमता और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद की मजबूत शैली भारतीय जनता पार्टी को झारखण्ड में नई मजबूती प्रदान करेगी। उनके नेतृत्व में पार्टी न केवल संगठनात्मक रूप से सशक्त होगी बल्कि आम जनता के बीच पार्टी की स्वीकार्यता और विश्वास भी और अधिक बढ़ेगा।
संगठन को मिलेगा एक नया आयाम – अरविन्द गुप्ता (जिला उपाध्यक्ष, भाजपा)
आदित्य साहू को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर भारतीय जनता पार्टी के पलामू जिला उपाध्यक्ष अरविन्द कुमार गुप्ता ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आदित्य साहू एक अनुभवी, कर्मठ, जमीनी स्तर से जुड़े हुए और पार्टी के प्रति पूर्णतः समर्पित नेता हैं। उन्होंने कहा कि उनके दिशा-निर्देशन में भारतीय जनता पार्टी झारखण्ड में और अधिक सशक्त होगी तथा आम आवाम के बीच पार्टी की साख और गहरी होगी।
श्री गुप्ता ने आदित्य साहू के संघर्षपूर्ण जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक साधारण बूथ कार्यकर्ता से लेकर राज्यसभा सांसद और अब झारखण्ड प्रदेश अध्यक्ष के पद तक पहुँचना यह दर्शाता है कि भारतीय जनता पार्टी में निष्ठा, समर्पण और कड़ी मेहनत का उचित सम्मान होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा में एक छोटा कार्यकर्ता भी अपने परिश्रम और ईमानदारी के बल पर बड़ी ऊँचाइयों तक पहुँच सकता है। यही कारण है कि भारतीय जनता पार्टी को कार्यकर्ताओं की पार्टी कहा जाता है और इसी संगठनात्मक शक्ति के बल पर भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।
श्री गुप्ता ने आदित्य साहू को उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ दीं और आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में पार्टी झारखण्ड में नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।
संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा – मनीष भिवानियां (प्रदेश मंत्री, अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन)
अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के प्रदेश मंत्री मनीष भिवानियां ने अपने बधाई संदेश में कहा कि आदित्य साहू अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व, मृदुभाषी छवि और सबको साथ लेकर चलने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि आदित्य साहू का निरंतर पार्टी के प्रति लगाव, कड़ी मेहनत और निःस्वार्थ समर्पण ही उन्हें इस महत्वपूर्ण दायित्व तक लेकर आया है।
श्री भिवानियां ने कहा कि आदित्य साहू का नेतृत्व झारखण्ड में भाजपा संगठन को नई ऊर्जा, नई दिशा और नई मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ेगी और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने आदित्य साहू को हृदय की अंतरतम गहराइयों से बधाई देते हुए उनके सफल, सशक्त और प्रेरणादायी कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर वैश्य समाज के कई अन्य पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी आदित्य साहू के प्रदेश अध्यक्ष बनने को संगठन और समाज दोनों के लिए शुभ संकेत बताते हुए अपनी प्रसन्नता व्यक्त की और उनके नेतृत्व में भाजपा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बधाई देने वाले नेताओं में
सुमन अग्रवाल, मनोहर कुमार लाली, रंजीत गुप्ता, जीवन लाठ, बिहारी साहू, संतोष कुमार गुप्ता, अनिल सोनी, राजहंस अग्रवाल, राजेश गुप्ता, सुशील केशरी, रंजन अग्रवाल, पंकज कुमार, अमरेंद्र साहू, पिन्टू गुप्ता, संतोष गुप्ता, अनूप सोनी सहित सैकड़ो लोगों का नाम शामिल है।







