फरार आरोपियों की खैर नहीं, लगातार एक्शन जारी।
पाकुड़ जिले में पुलिस ने लंबित वारंटों के निष्पादन को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 01 जून 2025 से 06 अप्रैल 2026 तक चलाए गए अभियान के दौरान कुल 3386 वारंटों का निष्पादन किया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई जमानतीय, गैर-जमानतीय और स्थायी/लाल वारंटों पर केंद्रित रही। अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की जा रही है ताकि न्यायालय द्वारा जारी वारंटों में फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।।थाना वार आंकड़ों के अनुसार महेशपुर थाना में सबसे अधिक 1018 वारंटों का निष्पादन किया गया। इसके अलावा नगर थाना में 749, पाकुड़ (मुफस्सिल) में 432, हिरणपुर में 294, लिट्टीपाड़ा में 240, अमड़ापाड़ा में 203, पाकुड़िया में 170, राधानगर ओपी में 143, मालपहाड़ी ओपी में 103 और सिमलोंग ओपी में 34 वारंटों का निष्पादन किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





