डीसी मनीष कुमार बोले- निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध, एसपी निधि द्विवेदी ने कहा- सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर
पाकुड़: पाकुड़ नगर परिषद के लिए 23 फरवरी को होने वाले मतदान को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। रविवार 22 फरवरी को बाजार समिति मैदान स्थित डिस्पैच सेंटर से सभी पोलिंग पार्टियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संबंधित बूथों के लिए रवाना किया गया।इस दौरान डीसी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी मतदान केन्द्रों पर आवश्यक संसाधन, कर्मी और सुरक्षा बल की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।एसपी निधि द्विवेदी ने कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी पुलिस की लगातार नजर है, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना फैलने न पाए।प्रशासन ने मतदान कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर समय पर बूथों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की है। अधिकारियों ने कहा कि सभी तैयारियां पूरी हैं और मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस व प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।










