पाकुड़: रांची में 5 अप्रैल को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में रविवार को पाकुड़ स्थित लड्डू बाबू आम बागान में पार्टी की महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन मजबूती और कार्यक्रम की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष महावीर मडैया ने की। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा की धरती रांची पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष और राजद के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव का आगमन होने जा रहा है। उनके स्वागत को लेकर पाकुड़ जिला पूरी तरह तैयार है। बैठक में निर्णय लिया गया कि 4 अप्रैल को जिले के सभी छह प्रखंडों से सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी रांची के लिए रवाना होंगे। रांची में होने वाले कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने पर भी सहमति बनी। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर बैठक में विशेष जोर दिया गया। इसके तहत जिले के प्रत्येक बूथ पर ‘बूथ लेवल एजेंट’ नियुक्त करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। सभी प्रखंड अध्यक्षों को आवश्यक फॉर्म उपलब्ध कराते हुए निर्देश दिया गया कि 2 अप्रैल तक हर हाल में एजेंटों की नियुक्ति पूरी कर ली जाए। बैठक में पूर्व महिला जिला अध्यक्ष दीपा टुडू, जिला सचिव रणजीत कुमार सिंह, हजरत शेख, महेशपुर प्रखंड अध्यक्ष सदानंद यादव, रमेश सिंह, विनोद ठाकुर, रामजी यादव, सदानंद झा, रोहन सिंह, मनोज मडैया, कानू हांसदा, सुशील मड़ैया सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।







