इकबाल हुसैन
महेशपुर। फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को सफल बनाने के लिए जनसहभागिता बेहद आवश्यक है। इसी कड़ी में जिला परिषद सदस्य सामसुन मुर्मू उर्फ फौजी दा ने आम लोगों से फाइलेरिया रोधी दवा अनिवार्य रूप से सेवन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से रोकी जा सकने वाली बीमारी है, जो समय पर दवा नहीं लेने पर हाथीपांव जैसी गंभीर समस्या का कारण बन सकती है। सरकार द्वारा चलाए जा रहे फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत दी जा रही दवा सुरक्षित है और इसके सेवन से किसी प्रकार का नुकसान नहीं होता। सामसुन मुर्मू ने लोगों से आग्रह किया कि वे स्वयं दवा लें और अपने परिवार, पड़ोस व समुदाय के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सहयोग के बिना इस बीमारी का पूर्ण उन्मूलन संभव नहीं है।
उन्होंने यह भी बताया कि फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है, लेकिन अभियान की सफलता आम जनता की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है।
अंत में उन्होंने सभी से एकजुट होकर दवा सेवन करने और फाइलेरिया मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने की अपील की।




