Search

February 23, 2026 4:30 am

बस स्टैंड की चाय दुकान से ताला काटकर गैस सिलेंडर चोरी, रात्रि गश्ती पर उठे सवाल।

पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। शनिवार देर रात बस स्टैंड स्थित सड़क किनारे एक चाय दुकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने ताला काटकर दुकान के भीतर रखा गैस सिलेंडर चोरी कर लिया।
घटना का खुलासा रविवार सुबह हुआ, जब दुकानदार कौसर आलम रोजाना की तरह दुकान खोलने पहुंचे। दुकान का ताला टूटा देख वे सन्न रह गए। अंदर जाकर जांच करने पर पता चला कि चोर गैस सिलेंडर लेकर फरार हो चुके हैं। हालांकि राहत की बात यह रही कि दुकान में रखा अन्य सामान सुरक्षित पाया गया। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि बस स्टैंड इलाके में चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार दुकानों को निशाना बनाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले पुलिस की रात्रि गश्ती सख्त होने से चोरी की घटनाओं में कमी आई थी, लेकिन गश्ती में ढील पड़ते ही चोर फिर सक्रिय हो गए हैं। व्यस्त बस स्टैंड क्षेत्र में हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय दुकानदारों में डर और नाराजगी है। दुकानदारों का कहना है कि चोरों के मन से पुलिस का खौफ खत्म होता जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से बस स्टैंड क्षेत्र में रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
फिलहाल पीड़ित दुकानदार की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन घटना ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर