दो दुकानों से 11 लीटर शराब जब्त, आरोपी फरार, प्रशासन ने जारी रखा अभियान।
पाकुड़। रामनवमी, ईद और सरहुल जैसे प्रमुख पर्वों को देखते हुए जिला प्रशासन ने अवैध शराब के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में बुधवार देर रात उत्पाद विभाग की टीम ने रद्दीपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध शराब के कारोबार पर बड़ा प्रहार किया।
अवर निरीक्षक उत्पाद विक्रम कुमार शाह के नेतृत्व में टीम ने भुवन शाह (ग्राम श्रीरामगड़िया) और हावित हांसदा (ग्राम हुलियापाथर) की दुकानों में दबिश दी। तलाशी के दौरान दोनों स्थानों से कुल 6 लीटर अवैध विदेशी शराब और 5.20 लीटर बियर बरामद की गई।
हालांकि छापेमारी के दौरान दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। उत्पाद विभाग ने उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। प्रशासन ने साफ किया है कि पर्वों के दौरान अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। इसमें संलिप्त पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई तय है।





