रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन, नए सत्र में कंप्यूटर, फाइन आर्ट व लाइब्रेरी की होगी सुविधा
सुधीर सिन्हा | जमुआ
जमुआ प्रखंड के जगन्नाथडीह स्थित संत अरबिंदो कॉन्वेंट में बुधवार (05 फरवरी) को विद्यालय का 37वां वर्षगांठ दिवस एवं 33वां स्थापना दिवस धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और उत्सव का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत संत अरबिंदो जी की तस्वीर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक एवं कर्मचारियों द्वारा माल्यार्पण से हुई। इसके पश्चात प्राचार्य योगेन्द्रनाथ झा (वाई.एन. झा) ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
अपने संबोधन में प्राचार्य योगेन्द्रनाथ झा ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने जानकारी दी कि छात्र-छात्राओं के लिए संध्याकालीन अध्यापन की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त मार्गदर्शन मिल सके। साथ ही आगामी शैक्षणिक सत्र से कंप्यूटर शिक्षा, फाइन आर्ट तथा आधुनिक लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय का लक्ष्य शिक्षा के क्षेत्र में एक आदर्श संस्थान बनना है।
स्थानीय मुखिया रंजीत राम ने अपने अभिभाषण में कहा कि संत अरबिंदो कॉन्वेंट इस क्षेत्र का एक प्रतिष्ठित और लब्ध-प्रतिष्ठ विद्यालय है, जिसने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर यह विद्यालय समाज में एक नई रोशनी बनकर उभरा है।
प्राचार्य योगेन्द्रनाथ झा ने बताया कि इस विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर छात्र-छात्राएं आज गिरिडीह जिले के विभिन्न प्रखंडों सहित देश के अलग-अलग हिस्सों में डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, सैनिक, शिक्षक एवं पुलिस सेवा जैसे उच्च पदों पर कार्यरत हैं और देश सेवा कर रहे हैं। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि इन्हीं के प्रयासों से विद्यालय निरंतर सफलता की ओर अग्रसर है।
भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम बने आकर्षण का केंद्र
वार्षिक वर्षगांठ एवं स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यालय में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं द्वारा मंगलाचरण, समूह नृत्य, एकांकी नाटक एवं सामाजिक संदेशों से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
‘नन्हा मुन्ना राही हूं’, ‘अनपढ़ नेता’ एकांकी, ‘बेटी हमारी अनमोल’, ‘जल जीवन हरियाली’, ‘बोले चूड़ियां’ मिक्स डांस, ‘मणिकर्णिका’ नृत्य, ‘कंजूस पंडित जी’, ‘शिक्षा की दुकान’, ‘स्कूल की यादें’, ‘घर मोरे परदेसिया’, ‘सांवरिया सेठ’ सहित कई प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास देखने योग्य रहा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से विद्यालय के प्राचार्य योगेन्द्रनाथ झा, मुखिया रंजीत राम, डायरेक्टर प्रियंक सुमन एवं प्रसून सुभाष, शिक्षक सुबल कुमार डे, भीम कुमार साहू, अरविंद कुमार वर्मा, मुकेश कुमार साव, राजेश प्रसाद दाराद, रोहित रंजन दाराद, पूनम गुप्ता, नीतू कुमारी, नीतू भारती, रिया कुमारी, कोमल कुमारी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक व ग्रामीण उपस्थित थे।
समारोह के समापन पर विद्यालय की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया गया और आशा जताई गई कि संत अरबिंदो कॉन्वेंट आगे भी इसी तरह शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देता रहेगा।







