Search

March 13, 2026 11:36 pm

नगर परिषद की नई अध्यक्ष शबरी पाल ने संभाला कार्यभार, शहर की सफाई और जलापूर्ति पर दिया विशेष जोर

पाकुड़: नवनिर्वाचित नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने नगर परिषद कार्यालय में विभागीय कर्मियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर के विकास और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान अध्यक्ष शबरी पाल ने शहर में साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों से शिकायत मिली है कि वहां कचरा उठाने वाली गाड़ियां नियमित रूप से नहीं पहुंचती हैं। ऐसे सभी स्थानों पर कचरा उठाव सुनिश्चित करने तथा कहीं भी गंदगी नहीं रहने देने का निर्देश कर्मियों को दिया गया। उन्होंने ईदगाह मैदान की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। साथ ही आने वाली गर्मी को देखते हुए शहरवासियों को पेयजल की किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए नगर परिषद के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था करने को कहा।
इस दौरान शहर के गणमान्य लोगों ने भी अध्यक्ष से विभिन्न जनसमस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने शहरी जलापूर्ति योजना को शीघ्र पूरा कर हर घर तक गंगाजल नल के माध्यम से उपलब्ध कराने की मांग रखी। इसके अलावा कालिकापुर क्षेत्र में बिजली की समस्या का मुद्दा भी उठाया गया। बैठक में कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, प्रदीप रजक, काली चरण घोष, सोमनाथ पाल समेत कई गणमान्य लोग एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर