पाकुड़। शहर में वेब सीरीज बंधुआ विहार के पहले भाग की सफलता के बाद अब इसके दूसरे पार्ट की शूटिंग पाकुड़ की विभिन्न लोकेशनों पर तेज़ी से चल रही है। इस वेब सीरीज का निर्देशन स्थानीय फिल्मकार अंकित आनंद कर रहे हैं, जबकि निर्माण की कमान तरूण अरोड़ा ने संभाली है। सीरीज का उद्देश्य न सिर्फ मनोरंजक कंटेंट देना है, बल्कि पाकुड़ की प्राकृतिक खूबसूरती और यहां के उभरते कलाकारों को राष्ट्रीय पहचान दिलाना भी है। कलाकारों की बात करें तो दिल्ली से आए कुशाल तिवारी, सुमित सिंह, अर्पित मैसी और मनीषा शर्मा अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं पाकुड़ की दिशा कुमारी को लीड एक्ट्रेस के तौर पर मौका मिला है। इसके अलावा अर्घो थ्रिलर लीड रोल में दिखाई देंगे। कुसुम, निशा, लक्ष्मी, प्रीति और आकाश जैसे कई स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
तकनीकी टीम में प्रोडक्शन मैनेजर दिशा, असिस्टेंट डायरेक्टर अमित और हिमांशु शामिल हैं। वहीं सिनेमेटोग्राफी की जिम्मेदारी डीओपी जितेंद्र और मुन्ना संभाल रहे हैं, जो पाकुड़ की लोकेशनों को बेहतरीन अंदाज में कैमरे में कैद कर रहे हैं। निर्देशक अंकित आनंद का कहना है कि वह पाकुड़ को फिल्म और वेब सीरीज के नक्शे पर एक अलग पहचान दिलाना चाहते हैं। यह वेब सीरीज जल्द ही यूट्यूब और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज की जाएगी। शूटिंग को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।






