पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के कोलाजोड़ा गांव में 32 वर्षीय झुन्नू हांसदा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की बहनों ने अपनी ही भाभी—झुन्नू की पत्नी संझली हेंब्रम—पर हत्या का आरोप लगाते हुए नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, झुन्नू और उसकी पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। परिजनों का कहना है कि झुन्नू के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है। घटना की सूचना मंगलवार दोपहर पुलिस को मिली, जिसके बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। नगर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि घटना सोमवार देर रात की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






