पाकुड़। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पलाश (JSLPS) के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को सीएमटीसी, पाकुड़ में “Give to Gain” थीम पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की बड़ी संख्या में सखी मंडल की दीदियाँ शामिल हुईं और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली सीएलएफ (क्लस्टर लेवल फेडरेशन) और कैडर दीदियों को सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के विभिन्न प्रखंडों की एसएचजी एवं ग्राम संगठनों से जुड़कर “सखी संवाद” भी किया। अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि समाज और परिवार के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। एक महिला घर की जिम्मेदारियों के साथ-साथ समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है। उन्होंने कहा कि आज स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त हो रही हैं, जो समाज के समग्र विकास के लिए जरूरी है। उपायुक्त ने दीदियों से आह्वान किया कि वे अपने कार्यों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाएं और नशा मुक्ति अभियान तथा सामाजिक कुरीतियों को दूर करने में भी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि परिवार और समाज में आपसी सम्मान, सहयोग और समानता की भावना को बढ़ावा देना आवश्यक है। साथ ही बच्चों को अच्छे संस्कार देने और बेटियों-बेटों को समान अवसर देने की जिम्मेदारी हम सभी की है। इस दौरान स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों और सामुदायिक कार्यों की भी सराहना की गई। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जेएसएलपीएस प्रवीण मिश्रा, सभी जिला प्रबंधक उपस्थित रहे, जबकि जिले के सभी प्रखंडों से प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक एवं जेएसएलपीएस के कर्मी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।





