अमड़ापाड़ा में बनेगा भव्य वृद्ध आश्रम व श्रीराम मंदिर
अमड़ापाड़ा/पाकुड़ | कड़ाके की ठंड और शीतलहरी के बीच समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए प्रखंड क्षेत्र के मुख्य बाजार निवासी व प्रख्यात कथावाचक पंडित रविशंकर ठाकुर ने अपने निर्माणाधीन आश्रम परिसर में असहाय और जरूरतमंद वृद्ध महिला-पुरुषों के बीच कंबल का वितरण किया। इस दौरान कुल 270 वृद्धों को कंबल देकर ठंड से राहत पहुंचाई गई।
मानवता को समर्पित होगा वृद्ध आश्रम
पंडित रविशंकर ठाकुर ने बताया कि अमड़ापाड़ा में राजा गैराज के समीप एक भव्य वृद्ध आश्रम का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। यह आश्रम पूरी तरह निःशुल्क सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां बिना किसी भेदभाव के सभी समुदायों के असहाय और वृद्धजन रह सकेंगे।
आश्रम परिसर में बनेगा भव्य श्रीराम मंदिर
उन्होंने बताया कि आश्रम परिसर में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर भी निर्माणाधीन है, जिसकी प्राण-प्रतिष्ठा और उद्घाटन वर्ष 2026 के अंत तक किए जाने की योजना है। पंडित ठाकुर देशभर में श्रीराम कथा के माध्यम से आध्यात्मिक जागरण कर रहे हैं। कथा से प्राप्त दक्षिणा और यजमानों के सहयोग से ही आश्रम और मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है।
वृद्ध, विधवा माताएं, गौशाला और जीव सेवा होगी प्राथमिकता
आश्रम का मुख्य उद्देश्य वृद्ध एवं विधवा माताओं की निःशुल्क सेवा, सनातन धर्म के वेदों की शिक्षा का प्रसार, गौशाला संचालन और जीव सेवा बताया गया है।
अमड़ापाड़ा का नाम किया रोशन
आध्यात्मिक क्षेत्र में अपनी कथा वाणी और ज्ञान के बल पर पंडित रविशंकर ठाकुर ने कई राज्यों में अमड़ापाड़ा प्रखंड का नाम रोशन किया है। कंबल वितरण कार्यक्रम में संथाली पंचायत सहित प्रखंड के कई गणमान्य लोग और ग्रामीण मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने उनके सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







