Search

February 28, 2026 9:42 pm

लेटेस्ट न्यूज़

आकांक्षा परीक्षा की तैयारी को लेकर विशेष मार्गदर्शन सत्र, आवासीय कोचिंग व करियर विकल्पों की दी जानकारी

पाकुड़: आकांक्षा परीक्षा में विद्यार्थियों की अधिकाधिक सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा बिरसा मुंडा शिक्षण केंद्र सह पुस्तकालय में विशेष मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार ने विद्यार्थियों को परीक्षा रणनीति, समय प्रबंधन और लक्ष्य निर्धारण के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
उपायुक्त ने कहा कि सही दिशा में की गई निरंतर मेहनत ही सफलता की कुंजी है। विद्यार्थियों को अभी से अनुशासित ढंग से तैयारी करते हुए स्पष्ट लक्ष्य तय करना चाहिए। उन्होंने बताया कि आकांक्षा परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को आगामी 3–4 महीनों तक आवासीय व्यवस्था के साथ विशेष तैयारी कराई जाएगी, जिसमें आवास, भोजन एवं अध्ययन की समुचित सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसका उद्देश्य बोर्ड एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अनुशासित और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण प्रदान करना है। सत्र में यह भी जानकारी दी गई कि आकांक्षा योजना के तहत चयनित छात्र-छात्राओं को राज्य स्तर की उच्चस्तरीय कोचिंग का अवसर मिलेगा। वहीं, किसी कारणवश चयनित नहीं हो पाने वाले विद्यार्थियों के लिए भी स्थानीय स्तर पर मेडिकल एवं इंजीनियरिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु विशेष व्यवस्था की जाएगी, ताकि कोई भी प्रतिभाशाली छात्र अवसर से वंचित न रहे।
शिक्षकों एवं विषय विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को पूर्व वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास, समूह अध्ययन, नियमित पुनरावृत्ति और लक्ष्य के अनुरूप विषय चयन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आईआईटी और मेडिकल जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अलग-अलग रणनीति और स्पष्ट लक्ष्य आवश्यक है, क्योंकि दोनों की तैयारी एक साथ करना कठिन होता है।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को दीर्घकालीन करियर निर्माण के लिए प्रेरित करना है। इसके लिए योग्य शिक्षकों, ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाते हुए मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ तैयारी करें, ताकि पाकुड़ जिले का नाम राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हो सके।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर