पाकुड़िया। प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित आम बागान में पाकुड़िया अंचल स्तर पर ग्राम प्रधानों की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचल अध्यक्ष जगर हेम्बरम ने की। बैठक में अंचल निरीक्षक सुभाष यादव उपस्थित रहे। ग्राम प्रधानों ने अंचल निरीक्षक का स्वागत किया। बैठक का उद्देश्य ग्राम पंचायत व्यवस्था को मजबूत करना, लगान राशिद वसूली में तेजी लाना और ग्राम सभा को सशक्त बनाना रहा। अंचल निरीक्षक सुभाष यादव ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में लगान राशिद संग्रह का लक्ष्य 85 प्रतिशत पूरा हो चुका है और शेष 15 प्रतिशत वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। ग्राम प्रधानों को निर्देश दिया गया कि वे डोर-टू-डोर सर्वे कर बकायेदारों से कर वसूली सुनिश्चित करें और ऑनलाइन पोर्टल पर प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से अपलोड करें। बैठक में ग्राम प्रधानों ने कर वसूली में जागरूकता की कमी जैसी समस्याएं रखीं, जिस पर अध्यक्ष जगर हेम्बरम ने गांवों में जागरूकता शिविर लगाकर लोगों को कर भुगतान के लिए प्रेरित करने का सुझाव दिया। बैठक में ग्राम सभा को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। तय किया गया कि प्रत्येक पंचायत में नियमित रूप से ग्राम सभा का आयोजन होगा और तिमाही में कम से कम चार ग्राम सभाएं की जाएंगी। महिलाओं एवं अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग की भागीदारी बढ़ाने, निपुण भारत और स्वच्छ भारत जैसे सरकारी कार्यक्रमों में ग्राम सभा की भूमिका को मजबूत करने तथा ग्राम सभा की कार्यवाही को ई-ग्रामस्वराज पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ग्राम पंचायत विकास योजनाओं की समीक्षा की गई और ई-कल्याण व एसएचवीआर रिपोर्टिंग में सुधार के निर्देश दिए गए। ग्राम सभा में शिक्षा से जुड़े प्रस्तावों को प्राथमिकता देने पर भी सहमति बनी। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सभी ग्राम प्रधान 15 फरवरी तक लगान वसूली की प्रगति रिपोर्ट अंचल कार्यालय में जमा करेंगे और फरवरी माह में कम से कम दो ग्राम सभाएं आयोजित कर उसकी रिपोर्ट देंगे। निर्देशों का पालन नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। बैठक का समापन अंचल अध्यक्ष ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया और बैठक शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।





