Search

April 11, 2026 1:22 pm

प्रत्याशी प्रतिनिधियों की कड़ी निगरानी में स्ट्रांग रूम, वज्र गृह बना छावनी

पाकुड़। बाजार समिति मैदान में बने वज्र गृह (स्ट्रांग रूम) की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है। वज्र गृह की सुरक्षा द्विस्तरीय की गई है—एक ओर सशस्त्र सुरक्षा बल 24 घंटे तैनात हैं, तो दूसरी ओर प्रत्याशियों के प्रतिनिधि लगातार मौजूद रहकर मतपेटियों की निगरानी कर रहे हैं। इससे चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर प्रत्याशियों का भरोसा साफ झलकता है।
अध्यक्ष पद के लिए झामुमो समर्थित प्रत्याशी शेख सेलिना सुल्तान की ओर से हुसैन शेख रात्रि ड्यूटी में तथा मोहम्मद शासिद शेख दिन में वज्र गृह की निगरानी कर रहे हैं। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी पूनम देवी (छड़ी छाप) के प्रतिनिधि विश्वनाथ भगत भी रात के समय सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। दोनों प्रत्याशियों के प्रतिनिधि मतगणना शुरू होने तक मैदान में डटे रहकर मतपेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं, ताकि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ की आशंका पूरी तरह समाप्त हो सके। यह स्थिति आमतौर पर तब देखने को मिलती है, जब चुनावी मुकाबला बेहद करीबी और रोचक होता है। फिलहाल जिला प्रशासन मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। बाजार समिति परिसर पूरी तरह छावनी में तब्दील हो चुका है। प्रत्याशी प्रतिनिधियों की सतत मौजूदगी यह सुनिश्चित कर रही है कि मतपेटियों की ‘सीलिंग’ से लेकर ‘ओपनिंग’ तक की हर प्रक्रिया उनकी निगरानी में, पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हो।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!