Search

April 11, 2026 11:52 pm

पांच साल से गायब शिक्षक सेवा से बर्खास्त, गबन का भी आरोप

जिला शिक्षा अधीक्षक ने लापरवाह शिक्षकों को दी चेतावनी

काम में लापरवाही की तो गिरेगी गाज: डीएसई

पाकुड़: पाकुड़ जिला शिक्षा अधीक्षक नयन कुमार ने लापरवाह शिक्षक पर बड़ी कार्रवाई की है।लिट्टीपाड़ा (पश्चिमी) के बालक मध्य विद्यालय के निलंबित शिक्षक मो. अब्दुल हन्नान को सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।उन पर विद्यालय की राशि के गबन और पांच साल से अधिक समय से गायब रहने का गंभीर आरोप है।शिक्षक मो. हन्नान को विभाग द्वारा कारण पृच्छा (शो-कॉज) नोटिस जारी किया गया था, जिसका जवाब उन्होंने 10 जनवरी 2026 को दिया था। जांच में उनका जवाब असंतोषजनक पाया गया। स्थापना समिति ने पाया कि शिक्षक न केवल स्कूल से गायब थे, बल्कि उन्होंने वित्तीय नियमों का घोर उल्लंघन कर सरकारी राशि का गबन भी किया। इसके बाद झारखंड सेवा संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत उन्हें सेवा मुक्त करने का आदेश जारी कर दिया गया।

लापरवाही पर नहीं मिलेगी माफी: डीएसई

इस कड़ी कार्रवाई के साथ ही जिला शिक्षा अधीक्षक नयन कुमार ने जिले के सभी शिक्षकों को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कार्य में गाफलती बरतने वाले शिक्षकों को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी शिक्षक पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ और विभागीय नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो शिक्षक अपने कर्तव्य के प्रति लापरवाह पाए जाएंगे, उन पर भी इसी तरह की गाज गिर सकती है।

इन बिंदुओं पर हुई कार्रवाई:

5 साल से अधिक समय से बिना सूचना गायब रहना,स्कूल फंड की राशि का गबन,शैक्षणिक कार्य में रुचि न लेना और मनमाना रवैया। डीएसई कार्यालय ने इस आदेश की प्रति उपायुक्त पाकुड़ और प्राथमिक शिक्षा निदेशक, रांची को भी भेज दी है।विभाग की इस सख्त रुख से जिले के लापरवाह शिक्षकों में हड़कंप का माहौल है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!