Search

February 18, 2026 1:07 pm

पारा लुढ़का, ठंड ने बढ़ाई मुश्किलें
शीतलहर से जनजीवन अस्त-व्यस्त।

निजी स्कूल ने छुट्टियों की घोषणा की, 4 जनवरी तक बंद।

राजकुमार भगत

पाकुड़। जिले में शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी है। ठंड और पछुआ हवा की कनकनी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि शाम ढलते ही बाजारों से रौनक गायब हो जा रही है। इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षियों के लिए भी यह मौसम चुनौती बन गया है। मौसम विभाग के अनुसार 25 दिसंबर को जिले का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहा। दिन में आंशिक धूप जरूर खिली, लेकिन सुबह और शाम पछुआ हवा के कारण ठंड का असर तेज रहा। आने वाले एक-दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और गिरावट की संभावना है। घना कोहरा छाए रहने की भी आशंका है। इसे देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने पाकुड़ जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

बच्चों और बुजुर्गों के लिए बढ़ी चिंता

तेज ठंड का सबसे अधिक असर छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि ठंड में रक्त वाहिकाएं सिकुड़ती हैं, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ने का खतरा रहता है। ऐसे में हाई बीपी से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

Also Read: E-paper 11-02-2026

निजी स्कूलों में अवकाश

बढ़ती शीतलहर को देखते हुए जिले के कई निजी विद्यालयों ने 26 दिसंबर से 4 जनवरी तक स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि छोटे बच्चों को ठंड से बचाना प्राथमिकता है।

अलाव और कंबल की व्यवस्था

शीतलहर से राहत के लिए उपायुक्त मनीष कुमार ने जिले के सभी प्रखंडों में चिन्हित स्थानों पर अलाव जलाने के निर्देश दिए हैं। पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र में चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही जिला प्रशासन की ओर से जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण भी किया जा रहा है।

उपायुक्त की अपील

उपायुक्त मनीष कुमार ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक ठंड में बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें और गर्म कपड़ों का उपयोग जरूर करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जरूरतमंदों को हरसंभव सहायता दी जा रही है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर