Search

March 4, 2026 9:02 am

आवारा कुत्तों का आतंक, तीन लोगों पर अचानक हमला, बाजार में दहशत।

पाकुड़ नगर क्षेत्र सहित प्रखंड के कई इलाकों में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कब, कहां और कौन इन कुत्तों का शिकार बन जाए, कहना मुश्किल हो गया है। अलग-अलग जगहों पर राह चलते लोगों पर पीछे से हमला किए जाने की घटनाओं ने आमजन में भय का माहौल पैदा कर दिया है। सोमवार को पाकुड़िया बाजार में एक पागल कुत्ते ने तीन लोगों पर अचानक हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया। हमले में पाकुड़िया बाजार निवासी आरिफ मोहम्मद (40 वर्ष), राजस्थान हरिजन टोला निवासी प्रियांशु कुमार (8 वर्ष) तथा मोगलाबांध निवासी जुल्फिकार मियां (42 वर्ष) घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुत्ते ने पीछे से झपट्टा मारकर लोगों को काटा, जिससे कुछ देर के लिए बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को स्वजनों द्वारा तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पाकुड़िया लाया गया, जहां सभी का प्राथमिक उपचार किया गया और आवश्यक एंटी रेबीज वैक्सीन दी गई। चिकित्सकों ने घायलों की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई है। इस घटना के बाद पूरे पाकुड़िया क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि आमतौर पर शांत रहने वाले कुत्ते अचानक बेकाबू क्यों हो रहे हैं, यह जांच का विषय है। साथ ही आम लोगों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग भी तेज हो गई है। इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़िया के चिकित्सक डॉ. गंगा शंकर साह ने बताया कि सोमवार को कुत्ते के काटने से तीन जख्मी मरीज इलाज के लिए पहुंचे थे, जिन्हें समय पर एंटी रेबीज वैक्सीन दी गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुत्ते के काटने की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर