नगर निकाय चुनाव के नतीजों, होली और रमजान पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। संभावित तनाव और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन ने शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से नगर थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च का नेतृत्व एसडीएम साइमन मारंडी ने किया। इस दौरान एसडीपीओ दयानंद आजाद, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इसका उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और शांति भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी देना था। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शुक्रवार को होने वाली मतगणना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट मोड में रखा गया है। प्रत्याशियों की जीत के बाद संभावित विजय जुलूस और जश्न के दौरान उपद्रव या टकराव की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। मतगणना केंद्र के बाहर और शहर के संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर ड्रोन कैमरों से नजर रखी जाएगी। बिना अनुमति किसी भी तरह का विजय जुलूस निकालने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नजर है। भ्रामक खबरें फैलाने या भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर साइबर सेल सख्त कार्रवाई करेगा। प्रशासन ने प्रत्याशियों और उनके समर्थकों से अपील करते हुए कहा है कि लोकतंत्र के इस महापर्व में शांति बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून हाथ में लेने की किसी को इजाजत नहीं दी जाएगी। उपद्रव करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। शहर में धारा 144 के प्रावधानों का सख्ती से पालन कराने के लिए मजिस्ट्रेटों की भी तैनाती कर दी गई है। प्रशासन ने सभी से चुनाव परिणामों का सम्मान करने और जीत का जश्न शालीनता के साथ मनाने की अपील की है।







