Search

February 23, 2026 4:25 am

अवैध रूट पर दौड़ी कोयला हाइवा ने तोड़ा बिजली का खंभा व तार, बिजली व्यवस्था ध्वस्त।

500 मीटर तक वाहन घसीटे रहा बिजली का तार; बड़ा हादसा टला।

अमड़ापाड़ा और महेशपुर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित बासमती गांव में रविवार अहले सुबह एक खाली कोयला हाइवा ने जमकर तांडव मचाया। निर्धारित कोयला रूट को छोड़कर बासमती गांव और प्रकृति विहार पार्क रोड की ओर घुसे इस हाइवा ने बासमती दुर्गा मंदिर के समीप बिजली के खंभे और तार तोड़ डाले। घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। इस दौरान एक ग्रामीण बाल-बाल बचा, जबकि गांव को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाइवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि बिजली तारों में उलझने के बाद भी चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। वह मंदिर परिसर से तारों को घसीटते हुए करीब 500 मीटर दूर हाई स्कूल के मुख्य गेट तक ले गया। इस खिंचाव में सड़क किनारे खड़ी एक मैजिक गाड़ी पूरी तरह घूम गई। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति तार की चपेट में आने से बच गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। तारों के टूटने और आपस में टकराने से हुए शॉर्ट-सर्किट के कारण कई घरों के बिजली उपकरण जल गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर मरम्मत शुरू की। देर शाम तक नए पोल और तार लगाकर आपूर्ति बहाल की गई। उधर, घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने पीछे से आ रहे एक अन्य कोयला हाइवा को पकड़ लिया और सड़क पर खड़ा कर दिया। खबर लिखे जाने तक पकड़ा गया हाइवा और आक्रोशित ग्रामीण घटनास्थल पर डटे रहे। ग्रामीणों का कहना है कि रूट तय होने के बावजूद बासमती गांव के रास्ते अवैध रूप से खाली कोयला हाइवा दौड़ रहे हैं। यह वाहन मालिकों की दबंगई और पुलिस की निष्क्रियता का नतीजा है। प्रशासन यदि अवैध आवाजाही पर तत्काल रोक नहीं लगाता, तो क्षेत्र में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर