पाकुड़। व्यवहार न्यायालय, पाकुड़ स्थित कुटुंब न्यायालय में वर्षों से लंबित पारिवारिक विवाद का सुखद अंत हुआ। ओरिजिनल सूट वाद संख्या 151/2025 (चंदन मंडल बनाम मोनिका चित्रकार) में प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय रजनीकांत पाठक के अथक प्रयास से पति-पत्नी के बीच चला आ रहा आपसी मतभेद समाप्त हो गया। कई वर्षों से अलग रह रहे दंपति ने न्यायालय में आपसी सहमति से पुराने गिले-शिकवे भुलाते हुए पुनः साथ रहने का निर्णय लिया। दोनों ने एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने, शांतिपूर्ण वैवाहिक जीवन जीने तथा भविष्य में किसी प्रकार के वाद-विवाद से बचने का संकल्प लिया। इस अवसर पर दंपति ने एक-दूसरे को माला पहनाकर नए जीवन की शुरुआत की। प्रधान न्यायाधीश रजनीकांत पाठक ने दंपति को आपसी समझ, संवाद और परिवार के सहयोग से मिल-जुलकर जीवन बिताने का संदेश दिया। उनकी पहल से एक टूटता परिवार फिर से एक हो सका और घर में खुशियां लौट आईं।
मौके पर दोनों पक्षों के परिजन उपस्थित रहे। विपक्षी पक्ष की ओर से मो. सलीम तथा आवेदक पक्ष की ओर से डी. मंडल, अधिवक्ता मौजूद थे।





