यीशु मसीह के मार्ग पर चलने की अपील, डीसी-एसपी समेत बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल।
पाकुड़ | जिदातो मिशन मैदान में आयोजित ख्रीस्त राजा शांति शोभा यात्रा में मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक मूल्यों को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में शांति बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रेम, करुणा और आपसी सम्मान से ही समाज आगे बढ़ सकता है। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि सभी धर्मों का मूल संदेश प्रेम, त्याग और सद्भाव है। उन्होंने कहा कि संयम और आत्मनियंत्रण जैसे गुण जीवन को बेहतर बनाते हैं। पाकुड़ हमेशा से आपसी भाईचारे और सौहार्द के लिए जाना जाता रहा है। कार्यक्रम के दौरान देश और जिले की शांति, समृद्धि और कल्याण के लिए प्रार्थना की गई। साथ ही विश्व में चल रहे संघर्षों के अंत, समाज में एकता बढ़ाने, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा विकास कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया गया। इस मौके पर जिला प्रशासन के कई पदाधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित थे।







