अक्षय कुमार
गोमिया। रविवार को गोमिया वन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जागेश्वर जंगल में जंगली हाथियों के हमले में एक स्थानीय महिला, ठकिनी देवी का दुःखद निधन हो गया है। यह घटना उस समय घटी जब वे जंगल में महुआ चुनने के लिए गई हुई थीं। वन विभाग के अनुसार, वर्तमान में गंदौनियों से तिलैया जाने वाला रास्ता के आस-पास के क्षेत्रों में करीब 12 हाथियों का एक झुंड विचरण कर रहा है।
बताते चले कि इस घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई की और वन विभाग द्वारा मृतका के शोकाकुल परिजनों को तत्काल राहत के रूप में आंशिक नकद सहायता राशि सौंप दी गई है साथ ही शव को पोस्टमार्टम हेतु तेनुघाट अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम एवं अन्य सभी आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी होने के उपरांत, सरकारी नियमानुसार शेष पूर्ण मुआवजा राशि भी परिजनों को शीघ्र उपलब्ध करा दी जाएगी।

इस दुःखद घटना के आलोक में, वन विभाग क्षेत्र के सभी ग्रामीणों से विशेष अपील की कि मानव जीवन सर्वोपरि है। कृपया थोड़े से महुआ के लिए अपनी अनमोल जान जोखिम में न डालें। चूंकि वर्तमान में जागेश्वर और इसके आस-पास के जंगलों में 12 हाथियों का झुंड सक्रिय है, इसलिए सुरक्षा के दृष्टिकोण से कोई भी व्यक्ति महुआ चुनने या किसी अन्य कार्य हेतु जंगल के अंदर प्रवेश न करे। वन अधिकारी ने कहा कि वन विभाग की टीम (QRT) द्वारा हाथियों के झुंड की लगातार निगरानी की जा रही है। सभी ग्रामीणों को सलाह दी जाती है कि वे पूरी तरह सतर्क रहें और अपनी सुरक्षा के लिए पक्के मकानों में ही आश्रय लें।





