Search

April 12, 2026 9:21 pm

उम्मीद की रोशनी बनी फाउंडेशन, अनाथ बच्चियों को शिक्षा की नई राह, मदरसे में कराया निःशुल्क दाखिला।

हिरणपुर (पाकुड़): प्रखंड के हाथकाठी गांव में ‘उम्मीद फाउंडेशन’ ने इंसानियत और समाजसेवा की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है। संस्था ने पिता के साये से महरूम दो अनाथ बच्चियों—सबीना खातून और साहीना खातून—का बड़तल्ला स्थित मदरसे में निःशुल्क नामांकन कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखी है। जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चियों के पिता का निधन करीब तीन वर्ष पहले हो गया था। इसके बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहराता चला गया और बच्चियों की पढ़ाई भी ठप होने के कगार पर पहुंच गई। ऐसे कठिन समय में हाथकाठी गांव के युवाओं द्वारा संचालित ‘उम्मीद फाउंडेशन’ उनके लिए सहारा बनकर सामने आया। संस्था न केवल बच्चियों की शिक्षा का पूरा खर्च उठा रही है, बल्कि उनके भविष्य को संवारने के लिए लगातार प्रयासरत है। इस पहल को आगे बढ़ाते हुए फाउंडेशन के सक्रिय सदस्य मलिक अंसारी ने स्वयं मदरसे पहुंचकर दोनों बच्चियों का दाखिला सुनिश्चित कराया। नामांकन पूरा होते ही सबीना और साहीना के चेहरों पर लौटी मुस्कान ने इस नेक कार्य की सार्थकता को बयां कर दिया। बेटियों की पढ़ाई फिर से शुरू होने पर उनकी मां की आंखों में राहत और खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने ‘उम्मीद फाउंडेशन’ के इस निःस्वार्थ सहयोग के लिए दिल से आभार जताया। गौरतलब है कि ‘उम्मीद फाउंडेशन’ गांव के युवाओं की एक ऐसी पहल है, जो लगातार जरूरतमंदों की मदद कर रही है। खासकर शिक्षा के क्षेत्र में उठाया गया यह कदम पूरे इलाके में प्रेरणा का स्रोत बन गया है। युवाओं की यह सकारात्मक सोच न केवल समाज में बदलाव ला रही है, बल्कि यह भी साबित कर रही है कि सच्ची कोशिशों से किसी की जिंदगी को नई दिशा दी जा सकती है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!