पाकुड़ | नगर निकाय चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने को लेकर सामान्य प्रेक्षक रंजित लोहरा ने सोमवार को जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली, बैठने की व्यवस्था समेत सभी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी और अधिकारियों को कमियां तुरंत दूर करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रेक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर सुव्यवस्थित और सुरक्षित माहौल बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रेक्षक ने मतदान केंद्रों के आसपास मौजूद स्थानीय लोगों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए हर नागरिक का वोट जरूरी है। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने, आपसी समन्वय के साथ काम करने और चुनावी तैयारियों में किसी तरह की कमी नहीं छोड़ने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन और अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





