बजरंग पंडित
पाकुड़: जिले के राम कॉलोनी, वार्ड नंबर-01 के सैकड़ों लोग बिजली और पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। लंबे समय से इस क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में जनता दल (यू) के जिला अध्यक्ष गौतम कुमार मंडल ने उपायुक्त को पत्र लिखकर बिजली और पानी की व्यवस्था जल्द से जल्द करने की मांग की है। गौतम मंडल ने अपने पत्र में लिखा है कि पूर्व उपायुक्त महोदय के निर्देश पर राम कॉलोनी में बिजली के खंभे तो लगाए गए, लेकिन बिजली विभाग की लापरवाही के कारण अब तक तार नहीं जोड़े गए हैं। इस वजह से कॉलोनी के लोग बांस के सहारे अस्थायी तारों से बिजली अपने घरों तक पहुंचाने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासी रामेश्वर यादव, संजय गुप्ता, सुनीता देवी और मोहम्मद सलीम ने बताया कि करीब 40-50 घरों के लोग इस समस्या से प्रभावित हैं। बांस के खंभों पर झूलते तारों से किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है। अगर तेज़ हवा या बारिश होती है तो ये तार गिर सकते हैं, जिससे जान-माल का नुकसान होने की आशंका बनी रहती है। राम कॉलोनी के लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में कोई सरकारी नल या बोरिंग की व्यवस्था नहीं है, जिससे स्थानीय लोगों को दूर-दराज़ से पानी लाना पड़ता है। महिलाओं और बच्चों को रोज़ाना घंटों पानी भरने में बर्बाद करना पड़ता है। मोहल्ले के निवासी अनीता देवी, प्रमिला कुमारी और शंकर मंडल ने बताया कि गर्मियों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। कई बार नगर परिषद से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। जनता दल (यू) के जिला अध्यक्ष गौतम कुमार मंडल ने उपायुक्त से इस मामले को गंभीरता से लेने और बिजली-पानी की व्यवस्था करवाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि अगर जल्द से जल्द बिजली के तार खंभों में नहीं लगाए गए और पानी की व्यवस्था नहीं की गई तो लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
राम कॉलोनी के निवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन इस समस्या पर जल्द से जल्द ध्यान देगा और बिजली विभाग को निर्देश देकर तार लगवाने और नगर परिषद से डिप बोरिंग करवा कर पानी की व्यवस्था करवाने का काम करेगा। अगर इस दिशा में जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो स्थानीय लोग विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं।





