मंडलकारा में विधिक जागरूकता व चिकित्सीय जांच शिविर का आयोजन
पाकुड़। झालसा रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) पाकुड़ के तत्वावधान में पाकुड़ मंडलकारा में जेल अदालत सह चिकित्सीय जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार दिवाकर पांडेय के निर्देश पर आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता डालसा की सचिव रूपा बंदना किरो ने की। कार्यक्रम का उद्घाटन सचिव रूपा बंदना किरो, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विशाल मांझी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ सुबोध कुमार दफादार, डॉ. एस.के. झा तथा जेल प्रशासनिक अधिकारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान सचिव रूपा बंदना किरो ने बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से मिलने वाली निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी। साथ ही बंदियों से उनके लंबित मामलों की जानकारी लेकर आवश्यक कानूनी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विशाल मांझी ने भी बंदियों को कानून से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं और उनके मामलों से संबंधित पहलुओं पर चर्चा की। वहीं लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के डिप्टी चीफ मो. नुकूमुद्दीन शेख ने बंदियों के कानूनी मामलों पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान न्यायिक पदाधिकारियों ने कारागार परिसर स्थित महिला वार्ड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने महिला बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता, परामर्श व अन्य सुविधाओं के बारे में बताया।
इस मौके पर बंदियों के लिए चिकित्सीय जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें बीपी, शुगर समेत अन्य स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया गया। कार्यक्रम में सचिव रूपा बंदना किरो, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विशाल मांझी, डॉ. एस.के. झा, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ सुबोध कुमार दफादार, डिप्टी चीफ मो. नुकूमुद्दीन शेख, संजीव कुमार मंडल सहित जेल प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।








