Search

March 14, 2026 10:16 am

कीचड़ में तब्दील हुआ बोरियो गांव का रास्ता, ग्रामीणों की दशकों पुरानी मांग अब भी अधूरी।

बारिश में नर्क बन जाता है कच्चा रास्ता, मरीज, छात्र और बुजुर्ग भुगत रहे परेशानी।

इकबाल हुसैन

पाकुड़/महेशपुर। विकास’ की असल तस्वीर अगर देखनी हो, तो महेशपुर प्रखंड के अस्कांधा पंचायत स्थित बोरियो गांव आइए। यहां सड़क नहीं, कीचड़ है। रास्ता नहीं, दलदल है। बारिश शुरू हुई नहीं कि यह गांव शहर और मुख्य सड़क से कट जाता है। लोग गांव से निकलने के लिए जूझते हैं, बच्चे स्कूल नहीं पहुंच पाते, मरीजों को अस्पताल तक ले जाना मुसीबत बन जाता है। गांव के ग्रामीण सुनील मुर्मू, भावेश मुर्मू, बेंजामिन मुर्मू, चंदन मुर्मू, सुबनी टुडू, बाजून मुर्मू, शर्मिला टुडू, अर्जुन बेसरा, ईश्वर हेंब्रम और शिवलाल मुर्मू बताते हैं कि करीब एक दशक से वे पक्की सड़क की मांग कर रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन हर बार सिर्फ आश्वासन देकर भूल जाता है।

बारिश आई नहीं कि सड़क गायब हो जाती है।

कच्चा रास्ता हर साल बारिश में कीचड़ का तालाब बन जाता है। चारों ओर गड्ढे, उनमें भरा पानी और फिसलन से राहगीरों को जान हथेली पर रखकर गुजरना पड़ता है। स्कूली बच्चे फिसल कर गिरते हैं, बुजुर्गों को चलने में मुश्किल होती है और बीमारों को अस्पताल तक पहुंचाना किसी जंग से कम नहीं होता।

सरकार के विकास के दावे पर उठे सवाल

गांववालों का कहना है कि सरकार हर बार विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और ही है। जिस गांव की सड़क कीचड़ में तब्दील हो चुकी हो, वहां किस विकास की बात की जा रही है? बोरियो गांव की हालत यही सवाल उठाती है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी उठी उंगलियां

ग्रामीणों का आरोप है कि जनप्रतिनिधि सिर्फ वोट के समय गांव आते हैं, वादे करते हैं और फिर सालों तक दिखाई नहीं देते। पंचायत प्रतिनिधियों और प्रखंड प्रशासन से कई बार शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

क्या बोले ग्रामीण?

हर साल बरसात में यही हाल होता है। बच्चों को स्कूल भेजना मुश्किल होता है, बुजुर्ग फिसलकर गिर जाते हैं। हम बस एक पक्की सड़क चाहते हैं।”
सुनील मुर्मू, ग्रामीण

विधायक-सांसद सबको कहा, लेकिन सड़क अब तक नहीं बनी। लगता है हमें इंसान नहीं समझा जाता।”
शर्मिला टुडू, ग्रामीण महिला

ग्रामीणों की मांग- जल्द बने पक्की सड़क
ग्रामीणों ने एक बार फिर शासन-प्रशासन से अपील की है कि बोरियो गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए शीघ्र पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए। बरसात शुरू हो चुकी है, हालात और न बिगड़ने से पहले काम शुरू होना चाहिए।

img 20250619 wa00143841618083713342393
जोंगो मुर्मू, ग्रामीण, बोरियो
img 20250619 wa00157372189431571396904
भावेश मुर्मू,ग्रामीण ,बोरियो
img 20250619 wa00161130618711542599259
सुनील मुर्मू,ग्रामीण ,बोरियो

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर