Search

January 14, 2026 5:14 am

स्वामी विवेकानंद के विचारों से युवा वर्ग को शक्ति और समर्पण की प्रेरणा मिलती है : कुलाधिपति बी एन साह

रामगढ़। स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर राधा गोविन्द विश्वविद्यालय, रामगढ़ के राजनीति विज्ञान विभाग में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का विषय था —
स्वामी विवेकानंद के विचार और युवा वर्ग पर प्रभाव।

कार्यक्रम में छात्रों ने विवेकानंद के व्यक्तित्व, आध्यात्मिक दृष्टि, राष्ट्रवाद, चरित्र निर्माण तथा युवा शक्ति पर उनके प्रभाव को जीवंत ढंग से प्रस्तुत किया। शुरुआत करते हुए विभागाध्यक्ष डॉ. प्रेम प्रकाश ने बताया कि विवेकानंद ने युवाओं को उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको जैसे अमर संदेश देकर आत्मविश्वास व राष्ट्रभावना की मजबूत नींव रखी।

img 20260112 wa00705131597958697129083

प्रतियोगिता के दौरान कई प्रतिभागियों ने आधुनिक समय के संदर्भ में विवेकानंद के विचारों की प्रासंगिकता पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज के युवा के सामने अवसरों के साथ चुनौतियाँ भी हैं और ऐसे समय में विवेकानंद का दर्शन प्रेरणा का स्रोत बनता है। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की वक्तृत्व शैली, विषय की समझ तथा प्रस्तुति के आधार पर मूल्यांकन किया। कार्यक्रम के अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह ने अपने संदेश में कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत को विश्व मंच पर नई पहचान दी। युवा वर्ग को उनके विचारों से शक्ति और समर्पण की प्रेरणा मिलती है। ऐसे आयोजन युवाओं के विचार-क्षेत्र को विस्तृत करते हैं। संस्था की सचिव प्रियंका कुमारी ने शुभकामना संदेश में कहा कि विवेकानंद ने युवा शक्ति को राष्ट्र की असली संपत्ति बताया था। विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता युवाओं में नेतृत्व व अभिव्यक्ति के गुण विकसित करने में सहायक है। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने अपने संदेश में कहा कि विवेकानंद की शिक्षा भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और वैश्विक दृष्टि का अद्भुत समन्वय प्रस्तुत करती है। नई पीढ़ी को उनके विचारों से दिशा और प्रेरणा मिलती है। विश्वविद्यालय आगे भी ऐसे कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करता रहेगा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय कुलसचिव प्रो (डॉ) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो (डॉ) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार एवं विभाग के अन्य व्याख्यातगण उपस्थित रहे। समापन सत्र में विजेताओं की घोषणा की गई जिसमें काजल कुमारी को प्रथम, स्वीटी कुमारी को द्वितीय और करण कुमार महतो को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सूरज मिंज द्वारा दिया गया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर