पाकुड़ जिले के हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत मुर्गाडांगा गांव में शनिवार से तीन दिवसीय 24 प्रहार हरिनाम संकीर्तन का भव्य शुभारंभ हुआ। वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा के तहत ग्राम समिति द्वारा हर साल इस आयोजन का आयोजन किया जाता है, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। शनिवार रात वैष्णव ब्राह्मणों द्वारा विधि-विधान से अधिवास संपन्न कराया गया। इसके बाद कीर्तन मंडलियों ने पूरे गांव में भ्रमण कर हरिनाम संकीर्तन किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। आयोजन समिति के अध्यक्ष संतोष मंडल ने बताया कि इस वर्ष भी परंपरा के अनुसार 24 प्रहार संकीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। संकीर्तन में कुल छह दल भाग ले रहे हैं, जिनमें झारखंड के गोड्डा सहित पश्चिम बंगाल के कोलकाता, नदिया, मालदा, दक्षिण दिनाजपुर और बर्धमान के कीर्तन मंडल शामिल हैं। कार्यक्रम के तहत सोमवार को रासलीला का आयोजन किया जाएगा। वहीं मंगलवार सुबह कुंजभंग और शाम में महाप्रसाद वितरण के साथ तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का समापन होगा।








