राजकुमार भगत
पाकुड़, सोनाजोरी सदर अस्पताल:
मानवता की मिसाल पेश करते हुए इंसानियत फाउंडेशन के तीन सक्रिय सदस्यों ने समय रहते रक्तदान कर दो थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की जान बचा ली। सीतेशनगर निवासी 8 वर्षीय आरिल शेख और हिरणपुर मजलाडीह की 10 वर्षीय आर्मीन खातून को अत्यंत कम हीमोग्लोबिन की स्थिति में तत्काल ए पॉजिटिव रक्त की आवश्यकता थी। परिजनों द्वारा खून की काफी तलाश के बावजूद सफलता नहीं मिलने पर स्थिति चिंताजनक हो गई थी, इसी दौरान अस्पताल में तैनात डॉक्टरों ने रक्त चढ़ाने की सलाह दी। परिजनों ने तुरंत इंसानियत फाउंडेशन के सचिव बानिज शेख से संपर्क किया। सूचना मिलते ही चांचकी निवासी हाबिल शेख, हसन शेख और अंसारुल आलम ने ए पॉजिटिव रक्तदान किया, जबकि मियां रुल ने बी पॉजिटिव रक्तदान कर सहयोग दिया। सौभाग्यवश बी पॉजिटिव रक्त पहले से स्टॉक में उपलब्ध था, जिससे समय रहते दोनों बच्चों का इलाज संभव हो पाया।
रक्तदान के बाद संस्था के सचिव बानिज शेख, राब्बेकुल शेख और कर्मचारी नवीन कुमार अस्पताल में मौजूद रहे और बच्चों की स्थिति पर निगरानी रखी। परिजनों ने भावुक होकर इंसानियत फाउंडेशन के प्रति आभार जताया और संस्था के कार्यों की सराहना की। रक्तदाताओं ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि “रक्तदान कर हमें गर्व महसूस हो रहा है। हम आगे भी जरूरतमंदों की मदद के लिए सदैव तैयार रहेंगे।”





